हमीरपुर। बाल विज्ञान सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिलेभर के सरकारी और निजी स्कूलों से 2897 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अगस्त थी, लेकिन विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद ने दो दिन का अतिरिक्त समय दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पोर्टल पर पंजीकरण करवाया।
सम्मेलन में विद्यार्थियों को विज्ञान प्रश्नोत्तरी, गणितीय ओलंपियाड, विज्ञान मॉडल, विज्ञान गतिविधि कॉर्नर, वैज्ञानिक सर्वेक्षण रिपोर्ट और विज्ञान नाटक जैसी छह गतिविधियों में प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उपमंडल स्तरीय सम्मेलन 15 सितंबर के बाद होंगे।
यहां चयनित विद्यार्थी अक्तूबर में जिला और बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी नवंबर में राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में भाग लेंगे। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है।
कोट
सम्मेलन विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय गतिविधियों के माध्यम से समझने का अवसर देता है। सम्मेलन में विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
-राजेश गौतम, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक हमीरपुर