बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 28 सुरक्षाकर्मी अतिरिक्त तैनात किए गए हैं। गत रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने के बाद यह निर्णय लिया गया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।
रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होती है तो ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 28 और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। पिछले रविवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या में हुई बढ़ोतरी के कारण व्यवस्थाएं अस्त व्यस्त हो गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गेट नंबर एक से लंगर की तरफ महज अनुमति प्राप्त वाले वाहन ही ऊपर जा सकेंगे।
साथ ही विकलांग, असहाय और बुजुर्गों को ले जाने के लिए मंदिर प्रशासन ने अलग से वाहनों की व्यवस्था कर दी है। मंदिर अधिकारी अजय सिंह ने कहा कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अब मंदिर की सुरक्षा में 44 सुरक्षा कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। इसमें 16 सुरक्षा कर्मचारी पहले से ही मंदिर में तैनात थे। रविवार को 28 होमगार्ड के जवान अतिरिक्त तैनात होंगे। ताकि भीड़ को नियंत्रण में किया जा सके। श्रद्धालु बड़ी ही सहजता से बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें।