16 मई तक चलेगा अभियान, पशुपालन विभाग ने की टीकाकरण की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने व्यापक टीकाकरण अभियान शुरू किया है। अब तक करीब 25 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि विभाग ने 75 हजार पशुओं को कवर करने का लक्ष्य तय किया है। यह अभियान 16 मई तक जारी रहेगा।
विभाग हर वर्ष इस संक्रामक रोग की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चलाता है। इस दौरान गाय, भैंस के साथ-साथ भेड़ और बकरियों को भी टीका लगाया जा रहा है। पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।
खुरपका-मुंहपका एक वायरल रोग है, जो तेजी से फैलता है और पशुओं को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, मुंह से लार गिरना और मुंह व पैरों में छाले शामिल हैं। इस बीमारी से दूध उत्पादन में कमी आ सकती है और मादा पशुओं में गर्भपात का खतरा भी बढ़ जाता है। विभाग के अनुसार, इस रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण ही है।
कोट
-खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। 16 मई तक सभी पशुओं का टीकाकरण संपन्न होगा। -सतीश कपूर, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग हमीरपुर