प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। आगामी वित्त वर्ष के दौरान 23,41,93, 374 रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। मुख्य संसदीय सचिव इंद्रदत्त लखनपाल ने दियोटसिद्ध में न्यास बजट-2016 बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में मंदिर न्यास ने जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायतार्थ और कन्या के जन्म प्रोत्साहन राशि पर 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बड़सर-शाहतलाई रोड पर यात्रियों की सुविधा के लिए वर्षा शालिका निर्माण पर 18 लाख और श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल की सुविधा पर पांच लाख की लागत से पानी शुद्धीकरण यंत्र स्थापित किया जाएगा। बाहरी स्रोतों से सफाई व्यवस्था पर आठ लाख और चार लाख की लागत से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रावधान किया है।
बाबा बालक नाथ महाविद्यालय के निर्माण कार्यों पर 12 लाख, संस्कृत महाविद्यालय चकमोह पर 5.40 लाख, बीबीएन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चकमोह पर नौ लाख और बीबीएन मॉडल स्कूल चकमोह में विभिन्न कार्यों पर 6.50 लाख व्यय होंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर में लंगर व्यवस्था पर 39 लाख खर्च होंग्रे।
इस अवसर पर मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने न्यास की गतिविधियों का ब्योरा रखा। मंदिर ट्रस्टी नरेश लखनपाल, एसडीएम बड़सर अक्षय सूद, डीएफओ आरसी गोमा, अधिशाषी अभियंता आईपीएच छबील चंद, अधिशाषी अभियंता विद्युत परिषद पटियाल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी बीएस सेन, मंदिर अधिकारी सीता राम चौहान और सहायक मंदिर अधिकारी अशोक आदि उपस्थित रहे।