हमीरपुर। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) की ओर से सोमवार को आई टीम ने डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा कर व्यवस्थाएं जांचीं। इस दौरान टीम ने मेडिकल कॉलेज में मिल रही सुविधाओं को कलमबद्ध किया। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में तैनात चिकित्सकों के दस्तावेजों की जांच की गई। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से आई टीम के दौरे के दौरान चिकित्सक भी सफेद कोट में दिखे। अमूमन चिकित्सक सिविल ड्रेस में ही होते हैं। एमसीआई टीम ने मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थियेटर, रेडियोलॉजी लैब, कक्षा के कमरों, लाइब्रेरी सहित अन्य सुविधाओं की जांच की। इस दौरान लाइब्रेरी में किताबों को उचित ढंग से रखने के निर्देश भी टीम ने दिए।
बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने के लिए वर्ष 2014 में अधिसूचना जारी हुई। वर्ष 2017 में इसे मेडिकल कॉलेज का दर्जा मिला और वर्ष 2018 में कॉलेज में कक्षाएं शुरू हुईं। कॉलेज का अपना भवन न होने के कारण मेडिकल कॉलेज की कई सुविधाएं लोगों को नहीं मिल रही हैं। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन सुविधाएं मुहैया करवाने में प्रयासरत रह रहा है, लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य कमियों के कारण लोगों को उचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। बहरहाल एमसीआई की टीम ने मेडिकल कॉलेज का दौरा कर खामियों और सुविधाओं को कलमबद्ध कर लिया है। अब अपनी रिपोर्ट टीम सरकार के समक्ष रखेगी। इसके अलावा टीम ने तीन हिस्सों में बंटकर पूरे मेडिकल कॉलेज का दौरा किया एवं मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के साथ करीब दो घंटे बंद कमरे में ही गुफ्तगू की। एमएस डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि टीम ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। देर शाम तक टीम मेडिकल कॉलेज में ही रही। देर शाम तक मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से टीम की बैठक हुई। टीम ने मेडिकल कॉलेज का जायजा लेकर रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है।