सुजानपुर(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे में पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी धारकों के लिए जल्द खोखों का निर्माण होगा। नगर परिषद सुजानपुर ने टीन के खोखे बनाने के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना से शहर के करीब पांच दर्जन पंजीकृत खोखा धारक फायदा उठा पाएंगे। सुजानपुर शहर में मुख्य बस स्टैंड के आसपास बीते कई वर्षों से कुछ लोग रेहड़ी-फड़ी लगाकर अपनी आजीविका कमा रहे हैं। इसके लिए वह नियमित नगर परिषद को मासिक किराया देते हैं और कुछ एक लोग रोजाना तहबाजारी के तहत पर्ची कटवाते हैं। नगर परिषद सुजानपुर ने मासिक किराया भुगतान करने वाले पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए खोखे बना का निर्णय लिया है।
इसके लिए कोई भी पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी धारक नगर परिषद कार्यालय में आकर नियम एवं शर्तों को मानते हुए अपने खोखे का निर्माण करवा सकता है। खोखे का निर्माण टीन से होगा। इसके लिए प्रार्थी को अपनी ओर से धरोहर राशि जितनी खोखा निर्माण में लगेगी नगर परिषद सुजानपुर में जमा करवानी होगी। इसके बाद यह राशि उस खोखा धारक के मासिक किराये में शामिल की जाएगी और धीरे-धीरे उस पैसे की किराये में कटौती हो जाएगी। पैसा पूरा होने के बाद फिर से नियमित मासिक किराये का भुगतान नगर परिषद को करना होगा। इस संबंध में नगर परिषद सुजानपुर के ईओ किशोरी लाल ठाकुर ने कहा कि जो भी पंजीकृत रेहड़ी फड़ी धारक टीन का खोखा बनवाना चाहता है। वह नगर परिषद कार्यालय में आकर नियम एवं शर्तों के अनुसार पैसे जमा करवाएं। खोखा नगर परिषद बना कर ेदेगी। इसके बाद किराये में धीरे-धीरे उस पैसे को समायोजित कर दिया जाएगा।