डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। पुलिस चौकी भोटा के तहत पड़ती ग्राम पंचायत अग्घार के कोठी गांव में चोरी करने आए शातिरों को ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगा दिया। बुधवार रात को एक ग्रामीण विपन कुमार ने तीन शातिरों को रात करीब बारह बजे खेतों में छुपे हुए देखा। इस दौरान तीनों शातिर एक घर की रेकी कर रहे थे। विपन कुमार ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। जब ग्रामीणों ने तीन शातिरों को देखा और उन्हें पकड़ने के लिए खेतों की ओर आए तो वे सड़क में खड़ी गाड़ी की ओर भागे। जब तक ग्रामीण सड़क तक पहुंचे शातिर गाड़ी लेकर फरार हो चुके थे। गाड़ी में पहले से ही चालक मौजूद था। वहीं गांव में इस तरह की घटना से दहशत को माहौल है।
चार दिन पूर्व भी शातिर उसी घर के लेंटर पर देखे गए। उक्त घर में महिला अकेली थी और जब उसे लेंटल पर किसी के होने का आभास हुआ तो उसने फोन पर आसपास के लोगों को सूचना दी। शोर मचते देख शातिर वहां से भाग खड़े हुए। एक ऐसा ही मामला करवाचौथ की रात को हुआ था। तब भी ग्रामीणों ने ऐसे चोरों को गांव से खदेड़ा था। हाल ही में अग्घार के साथ लगती सौर पंचायत में भी चोरों ने लाखों रुपये के गहनों और नकदी पर हाथ साफ किया है। हालांकि, इस संबंध में किसी ने पुलिस में शिकायत नहीं दी है लेकिन, आए दिन गांव में ऐसे शातिरों की आहट से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस चौकी भोटा के प्रभारी सुखदेव सिंह का कहना है कि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। अगर ऐसा है तो पुलिस रात्रि गश्त करेगी।