फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लावारिस सांड के हमले से महिला की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत स्थानीय वार्ड नंबर पांच में सांड के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। जिले में इससे पूर्व भी सांडों के हमले से आधा दर्जन लोग घायल हो चुके हैं। दो सप्ताह पूर्व बड़सर में लावारिस सांड ने एचआरटीसी के चालक को सींगों पर उठाकर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके अलावा करीब आठ माह पूर्व भी नादौन में लावारिस बैल के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वहीं, सड़क पर भी लावारिस सांडों के कारण आधा दर्जन लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।
विज्ञापन

वीरवार सुबह नादौन के वार्ड-पांच निवासी पूर्णी देवी (75) अपने घर की ओर जा रही थी कि सामने से आ रहे एक सांड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला को सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। जिस कारण महिला गंभीर घायल हो गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने वृद्धा को सांड के चंगुल से छुड़ाया और उसे नादौन अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला गरीब परिवार से संबंधित थी। महिला की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। वहीं नादौन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। उधर, तहसीलदार नादौन राजीव ठाकुर और नायब तहसीलदार मनोहर लाल ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को आपदा राहत कोष से त्वरित 10 हजार की राहत राशि उपलब्ध करवाई। एसएचओ नादौन महेंद्र परमार का कहना है कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें