हमीरपुर। 72वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह हमीरपुर के बाल स्कूल में आयोजित किया गया। इसमें शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने ध्वजारोहण के साथ मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड की अगुवाई मीना कुमारी ने की। इस अवसर पर बच्चों ने देश भक्ति के आधार पर रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
मुख्यातिथि शहरी विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश में श्रेष्ठ शहरी योजना आरंभ की गई है। जिसके तहत सफाई, स्वच्छता तथा लोक सेवाओं के मानकों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहरी स्थानीय निकायों को पुरस्कृत और प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। मुख्यातिथि ने रंगारंग कार्यक्रम तथा परेड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। इसमें जाहू के स्वतंत्रता सेनानी राम कुमार, स्वतंत्रता सेनानी लक्ष्मण दास की पत्नी कृष्णी देवी, स्वतंत्रता सेनानी जयराम की पत्नी प्रेमी देवी, स्वतंत्रता सेनानी मौजी राम की पत्नी ईश्वरी देवी, कैहरवीं के स्वतंत्रता सेनानी चौधरी देवी की पत्नी शीला देवी, लदरौन के स्वतंत्रता सेनानी जयराम की पत्नी रतनी देवी, झन्यारा के स्वतंत्रता सेनानी मुंशी राम की पत्नी ज्ञानो देवी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक नरेंद्र ठाकुर, विधायक कमलेश कुमारी, उपायुक्त हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा, एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
बेटियों को प्रेरणास्रोत बनाने के लिए अभियान शुरू
हमीरपुर। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान का प्रेरणास्रोत बनाने के लिए एक अभियान शुरू किया गया। जिसका शुभारंभ शहरी विकास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने किया। इसमें हमीरपुर जिला की डॉ. सोनिका राणौत एमडी, वरिष्ठ प्रोजेक्ट अधिकारी यूएनडीपी, मिस ईशिता राणा आर्मी कैप्टन, मिस शीतल डटवालिया लेफ्टिनेंट आर्मी मेडिकल कोर, मिस शिखा शर्मा इंडियन रेवन्यू सर्विस, मिस दीपिका राठौर सहायक कमांडेंट इंडियन कोस्ट गार्ड को बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान का आइकन बनाया गया है। उपायुक्त डा रिचा वर्मा ने कहा कि हमीरपुर जिले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत विभिन्न प्रकल्प भी आरंभ किए गए हैं तथा अस्सी प्रतिशत से ज्यादा अंक लेने वाली बेटियों को कॅरिअर काउंसलिंग की सुविधा भी दी जा रही है।