हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में वीरवार को शुरू हुई एथलेटिक्स मीट की पहली ही प्रतियोगिता में एक खिलाड़ी गिर गया। इस कारण खिलाड़ी को कंधे, बाजू और सिर पर चोटें लग गई। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने खिलाड़ी को चोट लगने के करीब पंद्रह मिनट बाद प्राथमिक उपचार दिया। उसके बाद खिलाड़ी का किसी ने हाल नहीं पूछा। कॉलेज प्राचार्य को जानकारी देने के बाद उसे अस्पताल भेजा गया। देरी से उपचार मिलने पर खिलाड़ियों ने रोष जताया है।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद पहली प्रतियोगिता 1600 मीटर का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रैक पर दौड़ रहे धावकों में से एक धावक गिर गया और इस कारण उसे सिर, बाजू और कंधे पर चोटें आ गई। हालांकि धावक गिरने के बाद वह अपनी चोट वाली जगहों को दबाते हुए फिर दौड़ पड़ा लेकिन दो चक्कर लगाने के बाद वह बाहर आ गया। इतने में कॉलेज प्रबंधन प्राथमिक उपचार देने के लिए एक से दूसरे को कहने लगा। करीब पंद्रह मिनट बाद छात्र को प्राथमिक चिकित्सा दी गई। हालांकि वहां मौजूद कई छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन को प्रतियोगिता के दौरान एक एंबुलेंस सुविधा रखनी चाहिए थी। इस संबंध में प्राचार्य डा. हरदेव सिंह जंवाल का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद छात्र को प्राथमिक उपचार दिया गया था। छात्र को जलन न हो इसके लिए दवाई बर्फ लगाने के बाद लगाई गई। इसके बाद छात्र को स्टाफ के सदस्यों के साथ अस्पताल भेज दिया गया था। जहां पर उसको उपचार दिया गया।