अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में हड्डी रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अस्पताल में हड्डी रोगों के रोजाना 240 से 270 मरीज पहुंच रहे हैं। इससे पहले अस्पताल में हड्डी रोगों की ओपीडी एक सौ से 120 रहती थी। सर्दियों के मौसम में हड्डी रोगों के मरीज बढ़ गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा मरीज सर्वाइकल और जोड़ों के दर्द के हैं। ज्यादातर अधेड़ और वृद्ध हड्डी रोगों की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। हड्डी रोगों की ओपीडी बढ़ने रोजाना दो से तीन चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। सर्दियों के मौसम में ठंड के कारण लोग जोड़ों में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
हड्डी रोगों के मरीजों में बढ़ोतरी के कारण एक्स-रे रूम के बाहर भी भीड़ लग रही है। एक्स-रे रूम के बाहर रोजाना मरीजों का तांता लग रहा है। एक्स-रे रूम के बाहर भीड़ होने के कारण लोगों को प्राइवेट लैब की तरफ रुख करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को हड्डी रोगों से निजात पाने के लिए रोजाना व्यायाम और सैर करने की सलाह दी है।
हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं एसएमओ डॉ. रमेश चौहान का कहना है कि अस्पताल में हड्डी रोगों के मरीजों की तादात में वृद्धि हुई है। सर्दियों के मौसम में जोड़ों के दर्द और सर्वाइकल की शिकायत लेकर अधिक लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। इस कारण ओपीडी बढ़कर 240 से 270 हो गई है। उन्होंने मरीजों को व्यायाम, सैर और धूप सेंकने की सलाह दी है।