हमीरपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को एनसीसी कैडेट्स ने एनसीसी दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. हरदेव सिंह जंवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि छात्र एनसीसी के सिद्धांतों को पूर्ण रूप से अपने जीवन में उतार कर जिम्मेदार नागरिक बनें। महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स सामाजिक गतिविधियों और जागरूकता अभियानों में हमेशा ही सराहनीय योगदान देते आए हैं।
एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट बविंद्र चंद कटोच ने छात्रों को रक्तदान का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी बीमारी, दुर्घटना और आपदा से जूझ रहे लोगों का जीवन बचाने के काम आता है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को एनसीसी, एनएसएस, रेड रिबन क्लब, रोवर एंड रेंजर्स के सहयोग से महाविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं कॉलेज में सोमवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर प्राचार्य ने छात्रों को संविधान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्र- छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना को आत्मसात करने की शपथ दिलवाई। इस मौके पर उप प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा, डॉ. मधुर स्वर मिश्रा, डॉ. मंजू ठाकुर, नीतिका, डॉ. जीसी राणा, डॉ. उत्तम कुमार शर्मा, गैर शैक्षिक कर्मचारी और अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।