बिझड़ी(हमीरपुर)। पुलिस चौकी बिझड़ी के तहत ग्राम पंचायत बिझड़ी के टिक्कर गांव में गर्म पानी से झुलसी नाबालिग ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया है। नाबालिग पिछले 14 दिनों से पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। ऊनम ठाकुर (3) पुत्री अनिल कुमार निवासी टिक्कर 18 जनवरी को घर में ही गर्म पानी से झुलस गई थी।
इसके बाद परिजन उसेे बड़सर अस्पताल से ले गए, जहां से उसे हमीरपुर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जहां ऊनम ने एक फरवरी को अंतिम सांस ली। ऊनम की एक और बड़ी बहन है जो कि अभी पढ़ाई कर रही है। जबकि पिता बीएसएफ में कार्यरत हैं। बिझड़ी पुलिस कर्मचारियों ने पीजीआई जाकर बच्ची का पोस्टमार्टम करवाया और उसका शव परिजनों को सौंपा। इस संबंध में थाना बड़सर के डीएसपी जसवीर ठाकुर ने कहा कि गर्म पानी से झुलसी बच्ची ने पीजीआई में दम तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।