सुजानपुर (हमीरपुर)। महाराजा संसार चंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुजानपुर का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह रविवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में सेवानिवृत्त प्राचार्य और समाजसेवी दिनेश गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता स्कूल निदेशक नसीम राजा और प्रधानाचार्य रीना शर्मा ने की। समारोह का आरंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। समारोह में स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब वाहवाही लूटी। बच्चों ने हिंदी, पंजाबी, देशभक्ति, पहाड़ी अनेक गानों पर खूब धमाल मचाया।
छात्रों ने तू लौंग वे मैं लैची..., जय जय शिव शंकर..., एक दूनी दो-दो दूनी चार...., नीरू चली घूमदी..., मेरा खिन्नू बड़ा उस्ताद हो आदि गानों पर प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। स्कूल प्रशासन ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने छात्र छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि जो मन लगाकर मेहनत करते हैं, कामयाबी उनके कदम चूमती है। छात्र-छात्राओं के जीवन में प्रतिस्पर्धा इस कदर होनी चाहिए कि वह हर चीज को करने में हामी भरें। मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले बच्चों को अपनी ओर से पांच हजार रुपये भेंट किए। इस मौके पर उन्होंने वर्ष भर के दौरान विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले बच्चों को सम्मानित किया। स्कूल प्रशासन की ओर से बच्चों को रिफ्रेशमेंट भी दी गई। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ सदस्य, बच्चों के अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।