हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के विभिन्न नो-पार्किंग जोन में वाहनों को खड़ा करने पर जिला पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। हमीरपुर ट्रैफिक पुलिस के सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने दिन भर चले अभियान के तहत कुल 25 चालान काटे। जिसमें से 18 वाहनों के चालान नो पार्किंग जोन में खड़ा करने पर काटे गए। ‘अमर उजाला’ ने 31 अगस्त के अंक में शीर्षक नो-पार्किंग जोन में खड़े किए जा रहे वाहन, लग रहा जाम खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद पुलिस ने हरकत में आकर सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान एक स्कूल बसों को भी चेकिंग के लिए रोका गया। इस बस की क्षमता 33 की थी, लेकिन बस में कुल 49 विद्यार्थी सवार थे। जिस पर स्कूल बस का चालान काटा गया है। इसके अलावा बिना लाइसेंस, बिना आरसी और बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने पर भी चालान काटे गए हैं। शहर के लोगों ने कहा कि सड़क किनारे वाहनों के खड़ा करने से ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने जिला पुलिस विभाग से इस कार्रवाई को समस्या के स्थायी समाधान तक जारी रखने की मांग की है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह का कहना है कि अवैध पार्किंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।