हमीरपुर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के चलते जिला हमीरपुर में चल रही स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन को रोक दिया गया है। जिले में प्रारंभिक विभाग बीते एक हफ्ते से स्कूली खेलों का आयोजन कर रहा है। कई शिक्षा खंडों में खेल प्रतियोगिताएं खत्म भी हो चुकी हैं। जबकि अधिकतर स्कूलों में खंड स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं चल रही थीं। गत दिवस पूर्व प्रधानमंत्री का एम्स में निधन हो गया। जिसके बाद निदेशक शिक्षा विभाग ने प्रदेश सरकार के सात दिन के राज्य शोक को ध्यान में रखते हुए स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं को स्थगित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
वहीं उच्चस्तर शिक्षा विभाग में पुरुष वर्ग में खंड स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं 19, 20 और 28 अगस्त को शुरू हो रही थीं। जबकि कन्या वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताएं 22, 23 और 24 अगस्त को होनी निश्चित हुई थीं। इसके बाद 29 से 30 अगस्त तक जिला और उसके बाद प्रदेश स्तर की खेलों का आयोजन होना था। अब खेलों का नया शेड्यूल जारी होगा। उधर, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक सोमदत्त सांख्यान का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के चलते स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताओं को रोकने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। खेलकूद प्रतियोगिताओं का नया शेड्यूल शीघ्र जारी होगा।
लड़कियों की अंडर-14 खंड स्तरीय खेलें स्थगित, वापस भेजी टीमें
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं में आयोजित होने वाली अंडर-14 लड़कियों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण स्थगित कर दी गई हैं। सात दिन का राजकीय शोक रहने के बाद ही इस खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खेलकूद प्रतियोगिता के लिए वीरवार शाम को टीमें पहुंच भी गई थीं, लेकिन राजकीय शोक होने के कारण इन टीमों को वापस भेज दिया गया। प्रतियोगिता के लिए अभी तिथि निर्धारित नहीं हुई है। इस संबंध में प्रधानाचार्य विनोद डोगरा का कहना है कि स्कूल में आयोजित होने वाली खंडस्तरीय अंडर-14 लड़कियों की खेलकूद प्रतियोगिता स्थगित हो गई है।