हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर की सड़कों की दशा अब शीघ्र ही सुधरने वाली है। इसके लिए दो करोड़ रुपये की मंजूरी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी है।
रविवार को हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री के समक्ष विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की खस्ताहाल की समस्या को उठाया। नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में हमीरपुर की अनदेखी हुई है। पूर्व भाजपा सरकार में स्वीकृत सभी विकास कार्यों को जानबूझ कर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तवज्जो नहीं दी। जिला मुख्यालय के आसपास के गांवों की संपर्क सड़कों का बहुत बुरा हाल है।
सड़कों पर गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए विधानसभा क्षेत्र के खस्ताहाल संपर्क मार्गों की मरम्मत की जानी आवश्यक है। विधायक की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही विधायक ने हमीरपुर में छात्रा महाविद्यालय खोलने की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर भी शीघ्र विचार कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर मंडल भाजपा अध्यक्ष बलदेव धीमान और महामंत्री राजेश गौतम समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।