अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर (हमीरपुर)। बिजली बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों की कमी से कामकाज प्रभावित हो रहा है। छह सेक्शनों में तीन दर्जन से अधिक पद खाली हैं। हालत यह है कि उपमंडल में कुल 170 ट्रांसफार्मर का जिम्मा मात्र 20 कर्मचारियों को सौंपा गया है।
बिजली बोर्ड बड़सर उपमंडल के तहत 6 सेक्शन आते हैं। प्रत्येक सेक्शन के अंतर्गत लगभग 34 ट्रांसफार्मर हैं। लेकिन इन ट्रांसफार्मरों की देखरेख 2 से 3 कर्मचारी देख रहे हैं। जबकि, सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक सेक्शन में कम से कम 10 कर्मचारी होने आवश्यक हैं। अधिकतर सेक्शनों में तकनीकी कर्मचारियों के भारी कमी बनी हुई है। 170 ट्रांसफार्मरों की देखरेख का जिम्मा करीब 20 कर्मचारियों के हवाले है। स्थानीय लोगों विनोद कुमार, कमल देव, सोमदत्त, संजय कुमार, अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, राकेश कुमार, संजय कुमार सहित अन्य लोगों नेे बिजली बोर्ड से रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है। बिजली बोर्ड बड़सर के अधिशाषी अभियंता सुरेश कुमार पटियाल का कहना है कि कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से तकनीकी कर्मचारियों के पद रिक्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड में आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मचारियों से सेवाएं ली जा रही हैं। बोर्ड के उच्चाधिकारियों को रिक्त पदों के बारे में अवगत करवा दिया गया है।