अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। हिमाचल शिक्षक मंच ने प्रदेश में बनी नई सरकार को बधाई दी है। मंच के संयोजक सदस्यों अश्वनी भट्ट, संजय मोगू, तपिश थापा, अजय चौधरी, विजय, शमशेर भंडारी और अमित शर्मा ने उम्मीद व्यक्त की है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बनी नई सरकार द्वारा शिक्षा जगत से जुड़े विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मंच ने सरकार से आग्रह किया है कि प्रदेश में शिक्षकों की लंबित चल रही मांगों पर सरकार शीघ्र पहल करे। प्रदेश में शिक्षा उपनिदेशकों के खाली चल रहे करीब एक दर्जन पदों को शीघ्र भरा जाए। उच्चतम न्यायालय के उन आदेशों पर जिनमें पूर्व सैनिकों की वरिष्ठता को समाप्त किया गया है, को प्रदेश सरकार शीघ्र अति शीघ्र लागू करे। पूर्व सैनिकों की वरिष्ठता को समाप्त करके ऐसे पदों पर कार्यरत व्यक्तियों को तुरंत उनके मूल पदों पर वापस भेजा जाए। प्रदेश में वर्ष 2010 से प्लेसमेंट के आधार पर हो रही प्रधानाचार्य पदों की पदोन्नतियों को शीघ्र नियमित किया जाए। 4-9-14 की अधिसूचना को तुरंत प्रभाव से समाप्त करके इसे संपूर्ण सेवाकाल की बजाय एक पद पर लागू किया जाए। प्रदेश की सभी स्तरोन्नत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में डीपीई के पदों का भी सृजन किया जाए। प्रदेश की प्राथमिक पाठशालाओं के स्तर पर शीघ्र ध्यान दिया जाए और इनमें आंगनबाड़ी को मर्ज किया जाए। इसके साथ ही नर्सरी की कक्षाओं को शुरू किया जाए। मंच ने मुख्यमंत्री से मिल कर शीघ्र इन सभी विषयों पर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपने और कार्ययोजना बनाने का निर्णय लिया है।