हमीरपुर। हमीरपुर जिला की समीपवर्ती टिब्बी पंचायत के गांव नखरेड़ मुंशियां में मंगलवार को बिजली वोल्टेज बढ़ने से करीब एक दर्जन घरों में बिजली उपकरण जल गए। विद्युत बोर्ड की बड़ी लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। मंगलवार तड़के साढ़े छह बजे बिजली का लोड बढ़ने से गांव के कई लोगों को बिजली उपकरण जल गए तथा इसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। मंगलवार को कई घरों के टीवी, फ्रिज व एलईडी बल्ब तक जल गए।
इस हादसे से ग्रामीणों को काफी नुकसान झेलना पड़ा। हालांकि बोर्ड के अधिकारी इस घटना को कुछ और ही बता रहे हैं। विभाग की इस कारगुजारी से ग्रामीण खफा हैं। ग्रामीणों में विधि चंद के घर एक टीवी व फ्रिज, राजेश कुमार के घर फ्रिज व 5 सीएफएल, जोगिंद्र सिंह के घर 3 सीएफएल, सुरेश कुमार के घर एक टीवी व 1 सीएफएल, विपन कुमार का टीवी व 2 सीएफएल तथा हिम्मत कुमार के घर 1 सीएफएल बल्ब जल गया। नखरेड़ मुंशियां गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिजली बोर्ड की लापरवाही के चलते गांववासियों के महंगे बिजली उपकरण जल गए। उन्होंने विद्युत बोर्ड से प्रभावित परिवारों को वित्तीय राहत मुहैया करवाने की गुहार लगाई है। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ सुनील चंदेल ने कहा कि बिजली की लाइनों पर पेड़ गिरने से शॉट सर्किट हुआ है। उन्होंने कहा कि बिजली तारों के आपस में जुड़ने से वोल्टेज बढ़ी थी। दिनभर बारिश के बावजूद बोर्ड के कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दीं और गांव में बिजली आपूर्ति को बहाल किया।