हमीरपुर। पुलिस थाना बड़सर के तहत दो पंचायत प्रतिनिधियों ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर गांव के एक व्यक्ति की कार को जबरन रोक दिया। इसके बाद चारों ने पीड़ित व्यक्ति के बैग की तलाशी ली और उसे धमकाया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार, जिला परिषद सदस्य बिहारी लाल, अजय कुमार और विक्रम सिंह के खिलाफ भादसं की धारा 341, 504, 506, 34 के तहत बड़सर थाना में मामला दर्ज किया है।
कोटलू गांव के रहने वाले प्रेम चंद पुत्र संत राम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 7 नवंबर को वह अपनी गाड़ी में घर जा रहा था। रास्ते में चार लोगों ने उसकी गाड़ी को रोका और बदसलूकी की। इस दौरान चारों ने उसके बैग की तलाशी ली और डराने व धमकाने लगे। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि प्रेम चंद की शिकायत पर चारों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।