सुजानपुर(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पार्टी की ओर से दृष्टि पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि सुजानपुर में लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय खोला जाएगा। विधानसभा क्षेत्र के बाशिंदों को अपनी समस्याओं के निपटारे के लिए शिमला के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि चौगान को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। टिहरा महल और किले को पुरातत्व विभाग की सहायता से संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
सीवरेज प्रणाली को दोबारा डिजाइन किया जाएगा, खराब पाइपलाइनों की जगह नई पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी, ड्रग्स से पीड़ित युवाओं के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। सुजानपुर से खनौली तक ब्यास नदी के किनारे दीवार लगाई जाएगी। बंदरों और लावारिस पशुओं से निपटने के लिए कार्यालय बनाया किया जाएगा, खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बाड़ लगाई जाएगी। स्कूल के अनुरूप बस सेवा शुरू की जाएगी। सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जाएंगे, आवश्यतानुसार चैक डैम बनाए जाएंगे। गांवों को शुद्ध पेयजल की सप्लाई की जाएगी, खोखा धारकों के लिए पक्की दुकानों का निर्माण करवाया जाएगा, पार्किंग और सर्वसम्मति से बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा। इस मौके पर जिप अध्यक्ष राकेश ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, अंकुश गुप्ता, रमन भटनागर, वीना कपिल, अशोक मेहरा आदि मौजूद रहे।