नादौन(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा के एक व्यक्ति की काला पीलिया की बीमारी कारण मंगलवार रात को मौत हो गई। व्यक्ति का उपचार पिछले कई दिनों से टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। उपमंडल नादौन में एक माह के भीतर पीलिया से यह दूसरी मौत हुई है। स्थानीय कस्बा के वार्ड नंबर चार के निवासी कुशल कुमार (45) की काला पीलिया की बीमारी के कारण मंगलवार रात को मौत हो गई। गरीब परिवार से संबंधित कुशल कुमार का कई दिनों से टांडा मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा था। कुशल कुमार पेशे से एक चालक था। एक माह में ही इस बीमारी के कारण नादौन क्षेत्र में यह दूसरी मौत हुई है। नादौन तथा आसपास के कुछ क्षेत्रों में काला पीलिया के रोग से ग्रसित कई लोग अलग-अलग अस्पतालों में अपना उपचार करवा रहे हैं। नादौन तथा इसके साथ लगते ज्वालामुखी के भड़ोली क्षेत्र में काफी समय से यह रोग फैला हुआ है। कुछ समय पूर्व नादौन के रैल क्षेत्र में भी इसी बीमारी के कारण एक युवक की मौत हो गई थी। इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कौशल का कहना है कि विभाग के कर्मचारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।