बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पानी का टैंकर भेंट करते श्रद्धालु। संवाद
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में ज्येष्ठ रविवार को 20 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्ध बालयोगी के दर्शन किए। शनिवार देर शाम ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई।
रविवार सुबह मंदिर में आरती होने के बाद श्रद्धालुओं ने दिनभर कतारों में लगकर पौणाहारी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास प्रशासन ने मंदिर को 24 घंटे खुला रखा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास प्रशासन ने लंगर की व्यवस्था की थी।
मंदिर में मान्यता अनुसार काफी संख्या में नवविवाहित जोड़े परिवार के साथ मंदिर पहुंचे। मंदिर में नवविवाहित जोड़़ों ने सुखी दांपत्य जीवन के लिए कामना की। पूर्व में अस्त के चलते नवविवाहित जोड़े मंदिर में दर्शन के लिए नहीं आ पा रहे थे, लेकिन अब शुभ मुर्हुत शुरू होने के बाद मंदिर में श्रद्धालु पौणाहारी का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिर में दोपहर के समय पंजाब के होशियारपुर से बाबा के भक्त राज सिंह राजी ने मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक वाटर टैंकर सौंपा। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं को पानी की सुविधा प्रदान करने के लिए 3500 लीटर की क्षमता वाले इस वाटर टैंकर को भेंट किया है, ताकि मंदिर में पानी की सही व्यवस्था हो सके। मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने विधिवत पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
कोट
जेष्ठ रविवार को मंदिर में 20 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की ओर से सभी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। इन दोनों विवाह समारोह के चलते नवदंपत्ति बाबा का आशीर्वाद लेने मंदिर में पहुंच रहे हैं।
रोशन लाल, कार्यकारी मंदिर अधिकारी, दियोटसिद्ध
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पानी का टैंकर भेंट करते श्रद्धालु। संवाद