बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में लगी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 20 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगना शुरू हो गईं। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। अधिकतर श्रद्धालु पंजाब, हरियाणा इत्यादि राज्यों से पहुंचे। हालांकि, रविवार को गर्मी और धूप भी तेज रही, लेकिन श्रद्धालुओं के कदम नहीं डगमगाए और बाबा के जयकारों के साथ श्रद्धालु कतार में डटे रहे।
सप्ताह के अन्य दिनों की अपेक्षा रविवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ रहती है। इसलिए इस दिन मंदिर में पुख्ता प्रबंध किए जाते हैं। मंदिर अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार के दिन 20 हजार श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। श्रद्धालु बड़े-बड़े जत्थों में बाबा के झंडे और फोटो लेकर जयकारा लगाते हुए बाबा की गुफा के दर्शनों के लिए पहुंचे। मंदिर कमेटी की ओर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए गए। वहीं, मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी ख्याल रखा जा रहा है।