बिल्वकालेश्वर महादेव मंदिर में बनाई गई 20 फुट ऊंची भगवान शिव की मूर्ति। स्रोत : जागरूक पाठक
नादौन (हमीरपुर)। नादौन के प्रसिद्ध अध्यात्मिक स्थल बिल्वकालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 20 फुट ऊंची भगवान शिव की मूर्ति बनकर तैयार हो गई। नादौन की फस्टे पंचायत में बनी यह मूर्ति केरल के अजिमाला की गंगाधरेश्वर महादेव के बाद देश में दूसरी गंगाधरेश्वर मूर्ति दर्शन के लिए उपलब्ध होगी।
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्मित इस मूर्ति के साथ छह फुट ऊंचा ओम का निशान स्थापित किया गया है। कैलाश पर्वत का भव्य स्वरूप तथा बच्चों के लिए सुंदर पार्क का निर्माण भी करवाया जा रहा है। जब यह पूरा परिसर बनकर तैयार हो जाएगा तो इस बेहद पौराणिक अध्यात्मिक स्थल की सुंदरता और भव्य हो जाएगी।
बीडीओ नादौन निशांत शर्मा ने बताया कि अब क्षेत्र के लोगों को अजिमाला में स्थित गंगाधरेश्वर महादेव के दर्शन बिल्वकालेश्वर में ही हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देश पर इस भव्य परिसर का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे बिल्वकालेश्वर मंदिर की भव्यता और अधिक बढ़ जाएगी।