जिला हमीरपुर में नामांकन पत्र भरने की प्रकिया के दूसरे दिन बुधवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए कुल 196 नामांकन पत्र भरे गए। इसमें जिला परिषद चुनाव के 25 नामांकन शामिल हैं। जबकि सर्वाधिक 171 नामांकन पंचायत समिति सदस्य के लिए भरे गए।
इसके अलावा जिला की 229 पंचायतों में पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के लिए भी सैकड़ों लोगों ने नामांकन पत्र भरे। नामांकन पत्र जमा करवाने के साथ ही अधिकांश प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार का बिगुल बजा दिया। मिनी सचिवालय में नामांकन भरने के बाद तो कुछ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरने से पहले शहर में चुनावी रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इसके साथ ही अधिकतर प्रत्याशियों ने अपने संबंधित क्षेत्रों में प्रवेश कर गली मोहल्लों और चौराहों पर खड़े होकर मतदाताओं को लुभावने सपने दिखाते हुए समर्थन की अपील की। बुधवार को नामांकन भरने के चलते खूब चहल पहल रही। उपायुक्त कार्यालय के बाहर भी दिन भर लोगों की भीड़ उमड़ी।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा के दो समर्थकों ने भी हमीरपुर मिनी सचिवालय में नामांकन पत्र भरने से पहले गांधी चौक हमीरपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। यहां राजेंद्र राणा ने बारी वार्ड से राजीव कुमार और सराहकड़ वार्ड से प्रत्याशी ओम प्रकाश के साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जीत के लिए डट जाने का आह्वान किया। इससे पहले मंगलवार को नामांकन के पहले दिन कुल 65 नामांकन पत्र भरे गए, जिसमें बीडीसी के लिए 57 और जिला परिषद के लिए 8 नामांकन शामिल थे।