हमीरपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) डॉ. रिचा वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वीप कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में लोकसभा आम निर्वाचन-2019 के दृष्टिगत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। डॉ. रिचा वर्मा ने सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों से आग्रह किया कि वे छूटे हुए नवयुवकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करें, ताकि चुनाव आयोग के कोई भी मतदाता न छूटे अभियान के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। लोकसभा निर्वाचन के लिए निर्धारित नामांकन की अंतिम तिथि से दस दिन पूर्व तक यह लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी पूरी गंभीरता से प्रयास करें।
जिला में दो मतदान केंद्र पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों की ओर से संचालित किए जाएंगे जबकि एक मतदान केंद्र 31-हमीरपुर (राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर) विशेष रूप से सक्षम कर्मचारियों की ओर से संचालित किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। रिचा वर्मा ने लोकसभा आम निर्वाचन-2019 के अंतर्गत 22 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2019 तक नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उप अधीक्षक (लीव रिजर्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नामांकन भरने के लिए आने वाले उम्मीदवार के साथ निर्वाचन अधिकारी या सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सौ मीटर दायरे में अधिकतम तीन वाहन लाने की अनुमति होगी। निर्वाचन अधिकारी या सहायक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन के लिए उम्मीदवार सहित अधिकतम पांच व्यक्तियों के प्रवेश की अनुमति होगी।