हमीरपुर के विपुल बने एडवांस पर्सनल फिटनेस ट्रेनर
प्रदेश से पहले ऐसे व्यक्ति बने, सिल्वर प्रमाण पत्र से नवाजा
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला मुख्यालय निवासी विपुल शर्मा ने एडवांस पर्सनल फिटनेस ट्रेनर बनकर जिला और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय पर्सनल ट्रेनर्स एंड फिटनेस अकादमी ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए सिल्वर प्रमाण पत्र से नवाजा है। देश के ऐसे 26 ट्रेनर्स में अब विपुल का नाम भी शामिल हो गया है। विपुल प्रदेश से पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें ऐसा सम्मान मिला है। अब विपुल एशिया महाद्वीप समेत दुनिया के 78 देशों में बतौर ट्रेनर प्रशिक्षण दे सकते हैं।
इस प्रकार के प्रशिक्षित कोच वर्क आउट के माध्यम से ही थायराइड, कार्डियो से संबंधित रोगों को ठीक करने में माहिर और न्यूट्रीशियन के विशेष जानकार होते हैं। यह ट्रेनर वही व्यक्ति बन सकता है जो बॉडी बिल्डिंग में राष्ट्रीय स्तर का कोच, रेफरी या खिलाड़ी रहा हो। विपुल पिछले 20 वर्षों से इस क्षेत्र में सक्रिय है और हमीरपुर में जिम का संचालन करते हैं। बॉडी बिल्डिंग में गत 13 सालों से बतौर खिलाड़ी और ऑफिशियल अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। विपुल ने बताया कि सिल्वर प्रमाण पत्र से पहले उन्हें 2 वर्ष के कड़े प्रशिक्षण के बाद ब्राउंज प्रमाण पत्र हासिल हुआ था। सिल्वर प्रमाण पत्र के लिए एक वर्ष का शिक्षण और प्रशिक्षण हासिल कर विपुल को अकादमी के मुख्यालय सिंगापुर से प्रमाण पत्र जारी किया गया है। इसके साथ ही उन्हें वर्ल्ड योग आर्गेनाइजेशन की ओर से प्रशिक्षक का प्रमाण पत्र जारी किया गया है।