नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत अमलैहड़ गांव में अवैध रूप से खैर के पेड़ काटने और उन्हें वाहन में डालकर कहीं ले जाने का प्रयास करने पर तीन लोगों के विरुद्ध पुलिस थाना नादौन में मामला दर्ज हुआ है। इन तीन लोगों में ठेकेदार और वाहन चालक सहित वन विभाग का वन रक्षक भी शामिल है। वन विभाग की सूचना पर नादौन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन में रखे खैर के 65 मोछे बरामद किए हैं। गांव के एक भाग में सात खैर के पेड़ बिना अनुमति काटे गए हैं।
पुलिस को अवैध रूप से पेड़ काटने के निशान मौके पर मिले हैं। वन विभाग के सहायक प्रबंधक जय गोपाल ने इस बारे में पुलिस थाना नादौन में सूचना दी। मंगलवार को सूचना के बाद एएसआई पवन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। जिन्होंने मौके पर 65 खैर के मोछे बरामद किए हैं। इस संबंध में ठेकेदार सिकंदर, वन रक्षक नेक चंद तथा वाहन चालक निर्मल कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी महेंद्र परमार ने बताया कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।