गलोड़ (हमीरपुर)। एसडी पब्लिक स्कूल ब्याड़ का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें एसोसिएट प्रोफेसर नेताजी सुभाष चंद्र महाविद्यालय हमीरपुर सतीश कुमार सोनी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं, प्रसिद्ध पहाड़ी गायक बंदना धीमान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर वर्ष भर की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। एलकेजी के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं दसवीं कक्षा के बच्चों ने सिरमौरी नाटी पर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया।
छात्रों ने नाटी सिरमौरे वालिये..., जीणा कांगड़े दा..., देश मेरा रंगीला आदि गानों पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। मुख्यातिथि ने वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को सम्मानित किया। दसवीं कक्षा में पांच बच्चों ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए थे। उन बच्चों को सुखदेव शर्मा मेधावी छात्रवृत्ति के तहत 1000 रुपये प्रत्येक को छात्रवृत्ति दी गई। मुख्यातिथि ने स्कूल के उत्थान को 11000 रुपये और बंदना धीमान ने 5100 रुपये, पृथ्वी राज शर्मा ने 5100 रुपये, बिहारी लाल ने 5100 रुपये प्रदान किए। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों सहित बच्चों के अभिभावक, स्कूल स्टाफ और बच्चे मौजूद रहे।