हमीरपुर। भारतीय डाक विभाग की दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना के वर्ष 2018-19 की आवेदन प्रक्रिया आरंभ हो गई है। छठी से नौवीं कक्षा तक के छात्र 31 जुलाई 2018 तक इस छात्रवृत्ति राशि के लिए आवेदन कर सकते हैं। भारतीय डाक विभाग ने फिलेटली (टिकट संग्रह) की पहुंच को बढ़ाने के लिए यह छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। शौक के तौर पर डाक टिकटों में ररुचि रखने वाले उन मेधावी छात्रों को यह छात्रवृत्ति राशि प्रदान की जाएगी जिनका शैक्षणिक रिकॉर्ड अच्छा होगा। इस छात्रवृत्ति को प्रदान का करने का उद्देश्य बच्चों में छोटी आयु से ही फिलेटली के शौक को बढ़ावा देना है। इस योजना की छात्रवृत्ति राशि पांच सौ रुपये प्रतिमाह की दर से छह हजार रुपये प्रतिवर्ष होगी।
फिलेटली में रुचि रखने वाले और योजना की पात्रता शर्तें पूरी करने वाले छात्र 31 जुलाई 2018 से पहले इस छात्रवृत्ति के आवेदन फार्म डाक मंडलीय कार्यालय हमीरपुर में स्कूल मुख्याध्यापक या प्रधानाचार्य के माध्यम से जमा करवा सकते हैं। प्रवर अधीक्षक मुख्य डाकघर हमीरपुर भवानी प्रसाद शर्मा का कहना है कि विभाग ने इस योजना के तहत पात्र छात्रों के आवदेन 31 जुलाई से पहले आमंत्रित किए हैं। उन्होंने कहा कि 12 अगस्त 2018 को इस छात्रवृत्ति के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों और अभिभावकों से बच्चों को इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।