सुजानपुर(हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के पटलांदर गांव के पास एक ट्रैक्टर के खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटलांदर में चल रहा है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को दस हजार और घायलों के परिवार को दो-दो हजार की फौरी राहत दी गई है।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रि-भलाणा की ओर से निर्माण सामग्री से लदा ट्रैक्टर पटलांदर की ओर जा रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर पर तीन लोग सवार थे। पटलांदर गांव के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस कारण चालक लेख राम (35) पुत्र कांशी राम निवासी रंगड़ की मौके पर ही मौत हो गई। अमित राणा (22) पुत्र रमेश राणा निवासी चकरयाणा और कुलदीप(32) पुत्र जगत राम निवासी रंगड़ घायल हो गए। तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया ने कहा कि मृतक के परिवार को दस हजार और घायलों के परिवारजनों को दो-दो हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। वहीं एसएचओ सुजानपुर श्याम लाल का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला दर्जकर छानबीन जारी है।