बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल के तहत शुक्र खड्ड में धंगोटा के पास अवैध खनन किया जा रहा है। प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन से जल स्तर नीचे जा रहा है। इस कारण उनकी खड्ड किनारे की भूमि बंजर होती जा रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने खड्ड़ में अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रदेश सरकार ने खड्डों से अवैध रूप में रेता, बजरी, गटका पत्थर इत्यादि ढोने पर पूर्णतया पाबंदी लगाई हुई है। इसके बावजूद शुक्र खड्ड में धंगोटा के पास अवैध खनन का धंधा जोरों पर है। ग्रामीणों राकेश कुमार, विजय कुमार, देश राज, रवि कुमार, पुरुषोत्तम चंद, निक्का राम, प्रेम चंद, नरेश कुमार का कहना है कि खनन कार्य में लगे लोग खूब कमाई कर रहे हैं। इस बेरोकटोक खनन से पुल को भी खतरा हो सकता है। भूमि कटाव होने से मलकीयत भूमि खड्ड के बहाव में बह रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि खड्ड में हो रहे खनन कार्य पर अंकुश लगाया जाए। खनन विभाग के सब इंस्पेक्टर विशाल राणा का कहना है कि शुक्र खड्ड में खनन पर रोक है। विभाग अवैध खनन करने वालों के चालान करता है। एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर खड्डों का निरीक्षण करता है। पकड़े जाने पर अवैध खननकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।