भोरंज(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे में आईपीएच विभाग ने पेयजल को व्यर्थ गवाने वालों लोगों पर नकेल कस दी है। उपमंडल में विभाग ने नई पहल करते हुए पेयजल रक्षा अभियान तेज कर दिया है। जिसके तहत बुधवार को भोरंज आईपीएच विभाग के जेई अंजना कुमारी की अध्यक्षता में गठित टीम ने पंप ऑपरेटर सुनील, बेेलदार धर्म चंद, जल रक्षक संजीव कुमार ने बडैहर गांव में छापेमारी की।
इस मौैके पर उन्होंने पेयजल का उपयोग भवन निर्माण, खेत एवं क्यारियों की सिंचाई करने पर 11 लोगों के नलों के कनेक्शन काटे हैं। जो लोग पाइप लगाकर सिंचाई कर रहे थे अब उन्हें दोबारा कनेक्शन लगाने के लिए 200 से 500 रुपये जुर्माना भरना पड़ेगा। वहीं उन्हें साथ में शपथ पत्र भी देना पड़ेगा। इस संबंध में आईपीएच भोरंज के एसडीओ अजय वर्मा का कहना है कि उन्हें कई जगहों से शिकायतें मिली है कि पेयजल का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा विभाग ने छापेमारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और समय-समय पर क्षेत्र में इस तरह की छापेमारी की जाएगी। उन्होंने इस के लिए लोगों से सहयोग का आह्वान किया है।