हमीरपुर। जिले में नशे का काला कारोबार बदस्तूर जारी है। अब पुलिस थाना हमीरपुर ने दो युवकों से 6.92 ग्राम चिट्टा और आठ इंसुलिन इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह पुलिस टीम हमीरपुर जब गश्त के दौरान हथली पुल पर पहुंची तो वहां पर दो युवक आपस में झपट रहे थे। इस दौरान जब दोनों युवकों ने पुलिस की गाड़ी देखी तो वह भागने लगे। पुलिस ने उन दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान एक युवक के बैग से 6.92 ग्राम चिट्टा और आठ इंसुलिन इंजेक्शन बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों शिवम पटियाल निवासी मौहीं और निकते ठाकुर निवासी बबयाड़ को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना हमीरपुर के प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि गश्त के दौरान दो युवकों से 6.92 ग्राम चिट्टा और आठ इंसुलिन इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।