गलोड़ (हमीरपुर)। नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत बैहरड के बाशिंदों को कुछ लोग स्वास्थ्य कार्ड बनाने के नाम पर चूना लगा गए हैं। बीते वर्ष सितंबर माह में इस पंचायत में कुछ लोग आए थे और स्वास्थ्य कार्ड बनाने के नाम पर ग्रामीणों से 400-400 रुपये वसूल किए। ग्रामीणों को बताया गया कि स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए उनकी अंगूठे के निशान और अन्य औपचारिकताएं आदि अगले दस दिन में पूरी करवाई जाएंगी। लेकिन, फरवरी माह खत्म होने के बाद भी ये लोग पंचायत में वापस नहीं आए। जिससे ग्रामीण अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों में रामकृष्ण शर्मा, राज कुमारी, दीपराज, वनीता कुमारी, पवना देवी, सुमना देवी, कमला देवी, रविदत्त और कमलेश कुमार ने बताया कि पंचायत के माध्यम से बीते वर्ष उन्हें स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए सूचना दी गई थी। जिसके बाद उन्होंने 400-400 रुपये शुल्क जमा करवाया। लेकिन, आज तक उन्हें न तो पैसे वापस मिले और न ही स्वास्थ्य कार्ड दिए गए। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में वह जिला प्रशासन से भी मुलाकात कर चुके हैं लेकिन, अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से इस संदर्भ में उचित कार्रवाई की मांग की है।