हमीरपुर। सरकारी स्कूलों में छुट्टियों का शेड्यूल कैसा होगा, इस पर शनिवार को चर्चा होगी। उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में छुट्टियों के शेड्यूल को लेकर 2 फरवरी को सुबह 11 बजे महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन होगा। इसमें राजकीय अध्यापक संघ, प्रवक्ता संघ, हेडमास्टर और प्रधानाचार्य संघ, शारीरिक शिक्षक अध्यापक संघ, विज्ञान और कॉमर्स तथा आर्ट्स प्रवक्ता संघ के अलावा खंड परियोजना अधिकारियों को बुलाया गया है।
इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान को भी इस बैठक में आमंत्रित किया गया है, ताकि वह अपने बच्चों की शिक्षा से संबंधित सुझाव विभाग को दे सकें। वर्तमान में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में साल में तीन बार छुट्टियां रहती हैं। जनवरी माह में दस दिन का अवकाश, बरसात में 36 दिन का अवकाश और त्योहारी सीजन में 6 दिन का अवकाश सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को प्रदान किया जा रहा है। अभी विभाग ने एक अप्रैल से 10 अप्रैल तक भी छुट्टियों का निर्णय लिया है लेकिन, इसे अभी तक लागू नहीं किया गया है। बरसात के मौसम में 21 जून से 31 जुलाई तक छुट्टियां प्रदान की जा रही हैं लेकिन, निचले हिमाचल में अगस्त तक भारी बरसात हो रही है। जिस कारण बच्चों को स्कूल से घर आने-जाने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को होने वाली बैठक में इस मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। उधर, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जसवंत सिंह का कहना है कि छुट्टियों के शेड्यूल को लेकर शनिवार, 2 फरवरी को हमीरपुर कार्यालय में बैठक होगी। बैठक में आने वाले सुझाव को निदेशक शिक्षा विभाग को भेजा जाएगा। जिसके बाद छुट्टियों के शेड्यूल पर अंतिम मुहर लगेगी।