नादौन (हमीरपुर)। कस्बे के गीता भवन में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत घरेलू गैस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को पंचायत स्तर पर संगठित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए सशक्त महिला योजना आरंभ की गई है। इस योजना के तहत हर पंचायत में सशक्त महिला केंद्र बनाए जाएंगे।
जिनका संचालन स्वयं महिलाएं ही करेंगी। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र नादौन की 552 महिलाओं को निशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन सिलिंडर सहित वितरित किए गए। अग्निहोत्री ने कहा कि नादौन क्षेत्र में अब तक कुल 1188 परिवारों को यह सुविधा प्रदान की जा चुकी है और अन्य पात्र परिवारों को भी क्रमबद्ध तरीके से शीघ्र ही यह सुविधा मिल जाएगी। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम नादौन डीआर धीमान ने भी लोगों को सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने के लिए कहा। इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन विनोद पठानिया, भाजपा मंडल महामंत्री पवन शर्मा, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिव राम राही, चंदू लाल चौधरी, पूर्व बीडीसी विजय शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
---