हमीरपुर। जिलाभर में खनन विभाग ने शिकंजा कसते हुए इस माह अभी तक खड्डों में अवैध रूप से खनन करने पर 20 के चालान काटे हैं। विभाग ने इनमें से पांच सेे मौके पर 47 हजार रुपये वसूल किए हैं। जबकि, बाकी बचे खननकारी कोर्ट में चालान का भुगतान करेंगे। खनन विभाग ने नए साल की शुरूआत से लेकर अभी तक खड्डों में अवैध खनन करने पर 20 चालान काटे हैं।
विभाग की टीम ने जिलाभर में अलग-अलग जगहों पर यह चालान काटे हैं। विभाग की इस कार्रवाई से खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। बता दें कि विभाग ने खड्डों में अवैध खनन को रोकने के लिए खड्डों में बने रास्तों को बंद करने के लिए एक मुहिम भी छेड़ी है। खननकारियों की ओर से खनन के लिए बनाए गए रास्तों में गड्ढा खोद उन्हें बंद किया गया। इस संबंध में जिला खनन अधिकारी हरविंद्र सिंह ने कहा कि इस माह अभी तक 20 चालान काटे गए हैं। विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। खनन अधिकारी ने कहा कि खड्डों में अवैध रूप से खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इसके लिए लोगों से सहयोग देने का आह्वान किया है।