भोटा (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर प्राइवेट स्कूल संघ की बैठक जिला अध्यक्ष देवराज वर्मा की अध्यक्षता भोटा में हुई। इसमें प्रदेश निजी स्कूल संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगजीत ठाकुर और शमशेर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि प्राइवेट स्कूलों को सरकार 95 फीसदी अनुदान दे। जिला प्रधान ने कहा कि देश में शिक्षा के क्षेत्र में नाम कमाने में निजी स्कूलों की अहम भूमिका है।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि अगर प्रदेश सरकार बस किराये में बढ़ोतरी करती है तो प्राइवेट स्कूल बसों के किराये में भी बढ़ोतरी करनी होगी। इसके साथ ही स्कूल बसों से यात्री कर हटाने और अगले वर्ष से स्कूलों में छुट्टियों की समय सारणी को बदलने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के निजी स्कूलों की समस्याओं को लेकर सरकार से कई बार आग्रह कर चुके हैं पर, परिणाम शून्य रहा है। जिसके कारण संघ बहुत जल्द उच्च न्यायालय का दरवाजा अपनी मांगों को लेकर खटखटाएगा। जिला अध्यक्ष ने कहा कि हर वर्ष बोर्ड भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र, अग्निशमन प्रमाण पत्र मांगता है, जिसका कोई औचित्य नहीं है। सरकार से मांग की है कि प्राइवेट स्कूल अध्यापकों के अनुभव प्रमाण पत्र को मान्य किया जाए ताकि, सरकारी नौकरी मिलने पर उन्हें लाभ प्राप्त हो सके। प्रदेश उपाध्यक्ष जगजीत ठाकुर, शमशेर सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राजेश ठाकुर को सर्वसम्मति से जिला महासचिव नियुक्त किया गया। बैठक में पांचों ब्लाकों के अध्यक्षों के साथ जिले के 90 निजी स्कूल प्रबंधकों ने भी भाग लिया।