हमीरपुर। बिजली बोर्ड जेई, एएई आईटी डिप्लोमा/नॉन आईटी डिप्लोमा एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक प्रदेशाध्यक्ष जेसी शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी पदाधिकारियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। प्रदेश महासचिव रोहताश शर्मा ने मंच का संचालन किया। बैठक में पदाधिकारियों ने बिजली प्रबंधक की ओर से पदोन्नत कनिष्ठ अभियंताओं की उचित मांगों को न मानने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रबंधक वर्ग की ओर से केवल डिप्लोमा होल्डर कनिष्ठ अभियंताओं को पंजाब की पद्धति पर 9/16 वर्ष का सेवा लाभ दिए जाने पर आपत्ति जताई। इस दौरान जेसी शर्मा ने कहा कि मांगों पर कोई कार्रवाई न करने पर ट्रेड यूनियन को कोई भी कदम उठाने को अधिकृत किया गया। इसे देखते हुए प्रथम सप्ताह पदोन्नत कनिष्ठ अभियंता काले बिल्ले लगाकर कार्य करेंगे।
इसके एक सप्ताह बाद पेन डाउन हड़ताल और वर्क टू रूल के तहत कार्य करेंगे। अगर प्रबंधक वर्ग 8 अक्तूबर तक उनकी मांगें पूरी नहीं करता है तो इसके बाद एसोसिएशन प्रबंधन वर्ग के विरोध में प्रदर्शन करने में बाध्य होगी। अगर इससे बोर्ड का कोई कार्य प्रभावित होगा तो इसकी जिम्मेवारी पूर्ण रूप से प्रबंधक वर्ग की होगी। उन्होंने मांग की है कि पंजाब की पद्धति पर 9/16 का सेवा लाभ पंजाब राज्य पावर कॉरपोरेशन के आदेशानुसार सभी पदोन्नत कनिष्ठ अभियंताओं को भी प्रदेश बिजली बोर्ड के डिप्लोमा होल्डर कनिष्ठ अभियंताओं की तर्ज पर दिया जाए। पदोन्नत कनिष्ठ अभियंताओं को पदोन्नति का कोटा 10 फीसदी से बढ़ा कर 16 किया जाए। एकमुश्त 50 पद सहायक अभियंता के एक बार सीधी भर्ती में से पदोन्नत कनिष्ठ अभियंताओं से भरे जाएं। बिजली बोर्ड की कोई संपत्ति एचपीटीसीएल को हस्तांतरित न की जाए। पदोन्नति के कोटे की पुन: समीक्षा की जाए और संख्या के हिसाब से कम ज्यादा किया जाए। इस मौके पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष दविंद्र कंवर, राम आसरा शर्मा, रणवीर चौहान, प्रदीप चौधरी, चंद्र भूषण मिश्रा, सुरेश, जोगिंद्र, अश्वनी, जोगिंद्र, बाल किशन आदि मौजूद रहे।