नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन के धनेटा बाजार में शुक्रवार शाम एक व्यक्ति ने सड़क मार्ग अवरुद्ध करके काफी देर तक हंगामा किया। वह पुलिस की ओर से उस पर बनाए गए एक केस पर रोष व्यक्त कर रहा था। इस कारण वह सड़क के बीच ही लेट गया। इससे यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हालांकि लोगों ने उसे काफी देर तक मनाने का प्रयास किया परंतु वह नहीं माना।
कुछ लोगों ने जब उसे जबरदस्ती वहां से हटाने का प्रयास किया तो उसने गाली गलौज शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछे जाने पर इस व्यक्ति ने बताया कि पुलिस ने उसपर नशीले पदार्थ पकड़े जाने का झूठा मामला बना दिया है। जिसके विरोध में उसने यातायात रोका था। इस संबंध में अतिरिक्त थाना प्रभारी नादौन राजेश कुमार का कहना है कि हुड़दंगी व्यक्ति का मेडिकल करवाकर उसे हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति पर पिछले दिनों मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।