बिझड़ी(हमीरपुर)। स्वच्छ मिड-डे मील बनाने के लिए कार्यकर्ता को शेफ जैसा ड्रेस कोड लगाने वाला शिक्षा खंड बिझड़ी देश का पहला खंड बन गया है। बिझड़ी खंड के सभी मिड-डे मील कार्यकर्ता अब शेफ जैसी ड्रेस में नजर आएंगे। इस खंड के सभी सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च स्कूलों के 256 मिड-डे मील कार्यकर्ताओं को स्कार्फ और नैपकिन और तौलिये प्रदान किए गए हैं। नए सत्र की शुरुआत से ही यह सभी मिड-डे मील कार्यकर्ता शेफ जैसी ड्रेस में नजर आएंगे। बीईईओ बिझड़ी राजकुमार ने कहा कि सब स्कूलों को मिड-डे मील बनाने और बच्चों के हाथ धोने की सुविधा के लिए साबुन या हैंडवॉश खरीदने के लिए बजट जनवरी माह में ही जारी कर दिया गया था।स्कूलों में मिड-डे मील व्यवस्था सुधार के लिए भी उनकी मांग अनुरूप बजट दिया गया है।
इस संबंध में बीआरसीसी बिझड़ी विजय हीर ने कहा कि मानव संसाधन मंत्रालय हरियाणा और कुछ अन्य राज्यों में मिड डे मील कार्यकर्ताओं को तहबंद स्कार्फ जैसी सुविधाएं देने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बिझड़ी खंड ने यह काम देश में सर्वप्रथम अपने स्तर पर कर दिखाया है। जिससे यहां मिड-डे मील में स्वच्छता का स्तर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि एक तहबंद के गंदा होने की स्थिति में दूसरा तहबंद भी हर कार्यकर्ता के पास होगा ताकि इसे अनिवार्य रूप से पहना जा सके और पूरे खंड में मिड-डे मील कार्यकर्ता के लिए एक समान ड्रेस कोड हो।