हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की मासिक बैठक बुधवार को अध्यक्ष सुलोचना देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी वार्ड पार्षदों ने भाग लिया। इस दौरान सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में पेश आ रही समस्याओं को बैठक में रखा। बैठक में गर्मियों में लोगों को पानी की समस्या और सीवरेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रमुखता से मुद्दा उठाया गया। इसके साथ शहर में रिक्शा चलाने के लिए, वार्ड नंबर 2 में लोकमित्र केंद्र खोलने, आशा किरण सोसाइटी संस्था को चलाने की अनुमति, वार्ड नंबर 7 में सीवरेज को ठीक करने के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आईपीएच विभाग के माध्यम से शहर की सीवरेज समस्या को दूर करने के लिए प्रस्ताव पारित किया।
इस मौके पर कमेटी ने सरकार से आह्वान किया कि सीवरेज की समस्या को दूर करने के लिए बजट जारी करे ताकि सीवरेज में डाली गई पाइपों से हो रही लीकेज की मरम्मत की जाए सके। नगर परिषद के उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने कहा बैठक में सर्वसम्मति से ऑनलाइन मैप और दो एनओसी के लिए आए प्रस्तावों को पास किया गया। उन्होंने कहा कि भोटा चौक के पास किराए पर दी गई दुकान का पिछले पांच साल से किराया नहीं आया है। जिसके कारण नगर परिषद उस व्यक्ति से 16 लाख रुपये का लेनदार हो गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए एसडीएम के पास केस दर्ज करवाया था। लेकिन अभी तक इस केस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। उपाध्यक्ष ने कहा कमेटी ने एसडीएम से मांग उठाई है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मौके पर नगर परिषद हमीरपुर के ईओ विनोद कुमार शर्मा, पार्षद अनिल सोनी, अश्वनी कुमार, राजेश कुमार चौधरी, अश्वनी शर्मा, मनोरमा लखनपाल, रीता खन्ना, आशा रानी, वीना धीमान उपस्थित रहे।