भोटा(हमीरपुर)। अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसने के लिए नगर पंचायत भोटा ने भी कमर कस ली है। नपं ने कस्बा के दुकानदारों को सड़क या नालियों पर सामान न सजाने के निर्देश दिए हैं। नपं ने दुकानदारों को सड़क या नालियों पर से दो दिन के भीतर अपना सामान हटाने का अल्टीमेटम दिया है। दो दिन के बाद नपं बाजार में अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करेगी।
नपं ने दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि दुकानों का कूड़ा भी सड़क या नालियों में नहीं फेंके। नपं सचिव विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। अगर दुकानदार दो दिन में सामान को सड़क या नालियों पर से नहीं हटाते हैं तो तीसरे दिन प्रशासन बाजार में जाकर कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई के दौरान सामान हटाते समय किसी दुकानदार का कोई नुकसान होता है तो इसका जिम्मेवार वह स्वयं होगा। उन्होंने दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए हैं।