गलोड़ (हमीरपुर)। उपमंडल की खास गलोड़ पंचायत में शुक्रवार को कृषि विभाग के सौजन्य से कृषि कैंप का आयोजन किया गया। इसमें कृषि विभाग की तरफ से कृषि विशेषज्ञ ईश्वर दत्त ने लोगों को कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई। उन्होंने कहा कि किसान कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर किसानों के हित में चलाई गई योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। विशेषज्ञ ने कहा कि आजकल किसान अपने खेतों को बंदरों से सोलर पावर फेंसिंग लगा कर बचा सकते हैं। खास गलोड़ पंचायत के उपप्रधान संजीव शर्मा ने इस मौके पर विभाग से आए हुए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। संजीव शर्मा ने कहा कि सरकार को गांव के गरीब किसानों को और अधिक सुविधाएं देने की आवश्यकता है ताकि गांव का किसान जो धीरे-धीरे खेतीबाड़ी से घाटे की वजह से नाता तोड़ रहा है, वे खेतीबाड़ी की ओर आकर्षित हों। इस मौके पर कलाकारों ने भी सरकार की तरफ से चलाई गई योजनाओं को नाटक गीतों के माध्यम से लोगों को समझाया।