दाड़ला और मिहाड़पुर सहित अन्य गांवों में सात घंटे बिजली बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। सुबह कुछ समय के लिए बारिश थम गई। दोपहर को पुन: बारिश हुई। बारिश के कारण जल शक्ति विभाग की करीब 18 पेयजल योजनाएं ठप हैं।
इनमें जल शक्ति मंडल हमीरपुर की तीन, सुजानुपर की दो, नादौन की तीन, बड़सर की नौ और भोरंज की एक पेयजल योजना शामिल है। जल शक्ति विभाग के एसई नीरज ने बताया कि पेयजल योजनाओं को जल्द ही बहाल कर लिया जाएगा। कुछ क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित हुई है। बिजली बोर्ड सुजानपुर के तहत मिहाड़पुर में बिजली के तारों पर पेड़ गिर गया।
इस कारण दाड़ला, मिहाड़पुर सहित अन्य गांवों में सुबह 6:30 बजे बिजली बाधित हो गई। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मी मौके पर पहुंचे और बिजली सेवा बहाल करने में जुट गए। दोपहर करीब 1:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। इस दौरान सात घंटे बिजली बाधित हुई। लोग गर्मी से बेहाल हुए। बिजली बोर्ड सुजानपुर के एसडीओ चंद्रकांत ने बताया कि दोपहर तक बिजली सेवा बहाल हो गई थी।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत भेजें। बरसात को देखते हुए सभी जिलावासी विशेष ऐहतियात बरतें और नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें।