भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के बलोड़ गांव में बिना पूर्व सूचना के विद्युत कट लग रहे हैं। लोगों का कहना कि लाइट का कोई भरोसा नहीं है, कब जाएगी और कब आएगी। पिछले तीन दिनों 27, 28 फरवरी और एक मार्च को रात को बिजली गुल हुई थी, जो अगले दिन सुबह बहाल हो पाई। जिससे आम जनता परेशान है। ग्रामीणों का कहना है कि आजकल स्कूली बच्चों की बोर्ड परीक्षाओं का समय है। जिससे बच्चों को पढ़ाई में परेशानी हो रही है। यदि इसी तरह बिजली गुल होती रही तो विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद हो सकता है। विद्युत विभाग हर माह निर्धारित तिथियों को विद्युत कट लगाता है ताकि, विद्युत लाइन और उपकरणों का उचित रखरखाव कर सके।
परंतु अघोषित कट लगने से आम जनता बहुत परेशान है। कई दिन से कट लग रहे हैं। जबकि इसकी कोई भी पूर्व सूचना नहीं होती है। लोगों में मनोज कुमार, जगदीश चंद, माया देवी, कश्मीर चंद, संतोष कुमारी, गुलशन कुमार, रिया कुमारी, वरुण कुमार, आशी ठाकुर, आरुष कुमार इत्यादि ने कहा कि ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से विद्युत कट के बारे में जानना चाहा तो मात्र एक ही जवाब मिलता है कि हमें पता नहीं है कि लाइट कब आएगी, लाइट पीछे से ही बंद है। जिससे अधिकारियों के बयान भी गैर जिम्मेदाराना लगते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के बार-बार कट लगने से बिजली के उपकरण जलने की भी आशंका बनी रहती है और अन्य सामान भी खराब हो जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्युत आपूर्ति को ठीक किया जाए और विद्युत कट लगाने से पूर्व इसकी सूचना लोगों को दी जाए। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ संतोष शर्मा ने कहा कि उन्होंने हाल ही में पदभार संभाला है। बिजली कट की अभी तक कोई लिखित में शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के बाद आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।