गलोड़ (हमीरपुर)। प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में हजारों पदों को भरने की घोषणा की है लेकिन, लाइब्रेरियन को दरकिनार कर दिया है। बेरोजगार लाइब्रेरियन का कहना है कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर दौरे के दौरान खाली पदों को भरने का आश्वासन दिया था लेकिन, हाल में ही मंत्रिमंडल की ओर से विभिन्न पदों को भरने की घोषणा कर दी गई, परंतु लाइब्रेरियन के पदों को नहीं भरा गया। उन्होंने सरकार सरकार के प्रति रोष प्रकट किया है।
प्रशिक्षित बेरोजगार लाइब्रेरियन को निर्धारित आयु तक भी रोजगार न मिलने से वे परेशान हैं। विभिन्न पदों को भरने की प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर रखी है। वहीं, सरकार सालों से खाली पड़े लाइब्रेरियन के बैकलॉग आधार पर भी पदों को भरने की जहमत नहीं उठा रही है। वर्तमान में 70 फीसदी से ज्यादा पाठशालाएं और कॉलेज बिना लाइब्रेरियन के हैं। मीना कुमारी, अश्वनी कुमार, आशा कुमारी, सोमा देवी, अखिल कुमार, कनिका कुमारी, विमला देवी, अनिल कुमार, रघुवीर सिंह आदि ने कहा कि उन्होंने लाइब्रेरियन का कोर्स इस आस से किया था कि उन्हें नौकरी मिल जाएगी लेकिन, सरकार के उपेक्षा पूर्ण रवैये से हजारों बेरोजगार लाइब्रेरियन का भविष्य अंधकारमय हो गया है। इन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि लाइब्रेरियन के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाए।